मुंबई। कनाडा की निवेश कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) पीटर क्लार्क ने कहा है कि आईडीबीआई बैंक में वैश्विक पहुंच वाला भारत का सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सल बैंक बनने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि बैंक के विकास से देश का ऋण-जीडीपी अनुपात बढ़ाने के साथ आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिलेगी।
फेयरफैक्स के नेतृत्व में अरबपति निवेशक प्रेम वत्स की कंपनी ने आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए 81 रुपये प्रति शेयर की बोली लगाई है। इस प्रस्तावित सौदे का कुल मूल्य 52,878 करोड़ रुपये है। यह बोली सरकार के स्वतंत्र मूल्यांकन के लिए निर्धारित 75.99 रुपये प्रति शेयर के मानक से अधिक है। वहीं, 31 मार्च 2026 तक बैंक के 51.85 रुपये प्रति शेयर के नियामकीय बुक वैल्यू की तुलना में यह लगभग 56 प्रतिशत प्रीमियम पर है।
पीटर क्लार्क ने कहा कि फेयरफैक्स का मानना है कि आईडीबीआई बैंक में देश के अग्रणी वित्तीय संस्थानों में शामिल होने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फेयरफैक्स की नीति के अनुसार कंपनी अपने जारी लेनदेन पर टिप्पणी नहीं करती है।
विविधीकृत वित्तीय सेवा समूह बनाने की योजना
फेयरफैक्स की योजना आईडीबीआई बैंक को केवल बैंकिंग संस्थान तक सीमित रखने के बजाय एक व्यापक वित्तीय सेवा समूह के रूप में विकसित करने की है। इसके तहत Go Digit General Insurance, Go Digit Life Insurance और Fairfax India Holdings की IIFL Capital Services में हिस्सेदारी को बैंक के साथ जोड़ने की योजना है। इससे बैंकिंग, जीवन बीमा, सामान्य बीमा, निवेश बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट जैसी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
इस रणनीति के तहत आईडीबीआई बैंक के मौजूदा ग्राहक आधार और व्यापक बैंकिंग नेटवर्क का उपयोग करते हुए बीमा, निवेश बैंकिंग और संपत्ति प्रबंधन से जुड़े उत्पादों की क्रॉस-सेलिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे बैंक की आय के स्रोतों में विविधता आने और वित्तीय सेवा बाजार में उसकी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित अधिग्रहण के बाद फेयरफैक्स को बैंक का प्रबंधन नियंत्रण मिलने की संभावना है, जबकि केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की संयुक्त रूप से 34 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी। इस प्रकार सरकार और एलआईसी भी बैंक की भविष्य की विकास यात्रा में भागीदार बने रहेंगे। फेयरफैक्स का यह प्रस्तावित कारोबारी मॉडल भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे प्रमुख वित्तीय संस्थानों के विविधीकृत कारोबारी ढांचे की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है।


