व्यापारियों के परिश्रम से प्रज्वलित है छत्तीसगढ़ की प्रगति का दीप : सतीश थौरानी
रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए बॉम्बे मार्केट स्थित चौधरी देवीलाल व्यापार उद्योग भवन में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे हजारों व्यापारियों, उद्योगपतियों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं चेम्बर पदाधिकारियों की अभूतपूर्व सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने गुयाना में नए प्रधान कार्यालय, जॉर्जटाउन शाखा भवन और विरासत केंद्र का किया उद्घाटन
समारोह को संबोधित करते हुए चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि दीपावली मिलन का यह विराट स्वरूप चेम्बर परिवार की एकजुटता, परस्पर विश्वास और सुदृढ़ होते संगठनात्मक संबंधों का जीवंत प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के परिश्रम, उद्यमशीलता और समर्पण से ही प्रदेश की प्रगति का दीप प्रज्वलित है। श्री थौरानी ने बताया कि इस वर्ष धनतेरस पर प्रदेश के बाजारों में हुई शानदार खरीदारी अत्यंत हर्ष का विषय है। चेम्बर द्वारा संचालित ‘रोशन व्यापार, रोशन दिवाली’ अभियान ने स्थानीय बाजारों, छोटे व्यापारियों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने व्यापारियों को अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि व्यापारी समाज का विश्वास ही चेम्बर की सबसे बड़ी पूंजी है।

समारोह में छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष राजीव कुमार अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं चेम्बर सलाहकार अमरजीत सिंह छाबड़ा तथा आंजनेय यूनिवर्सिटी के चांसलर व भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अभिषेक अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी और उद्योगपति आर्थिक समृद्धि के प्रमुख आधार हैं, जिनके उद्यम और निवेश से रोजगार सृजन के साथ विकास को गति मिलती है। उन्होंने स्थानीय बाजारों को प्रोत्साहित करने के चेम्बर के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर चेम्बर के वरिष्ठ संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, पूरनलाल अग्रवाल, बलदेव सिंह भाटिया, चतुर्भुज अग्रवाल एवं पूर्व संरक्षक आसुदाराम वाधवानी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चेम्बर की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता और सदस्यों का अटूट विश्वास है।
कार्यक्रम के अंत में चेम्बर महामंत्री अजय भसीन ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन महामंत्री अजय भसीन एवं उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समापन पर उपस्थितजनों ने एक स्वर में ‘विकसित व्यापार का आधार-चेम्बर परिवार’ का उद्घोष किया।
समारोह में कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, संरक्षक यू.एन. अग्रवाल, लालचंद गुलवानी, सलाहकार तिलोकचंद बरडिया, अमर गिदवानी, अरविंद जैन, लखमशी पटेल, किशोर आहूजा, मोहनलाल तेजवानी, अशोक मलानी, चंदर विधानी, सुरजीत सिंह संधू, संतोष जैन, चेयरमैन गोपाल कृष्ण अग्रवाल, वाइस चेयरमैन चेतन तारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, ललित जैसिंघ, विनय बजाज, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष रवि सचदेवा, मनीष प्रजापति, निखिल पंड्या, दिलीप इसरानी, कार्यकारी महामंत्री कपिल दोशी, विकास आहूजा, महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता, कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल सहित चेम्बर के समस्त पदाधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संघों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

