गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने किया शुभारंभ, भारत-गुयाना के आर्थिक एवं वित्तीय संबंधों को मिलेगी मजबूती
गुयाना में छह दशकों से अधिक की उपस्थिति के साथ बैंक ने जताई विकास और निवेश के प्रति प्रतिबद्धता
रायपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बैंक ऑफ बड़ौदा (गुयाना) आईएनसी ने गुयाना में अपने नए प्रधान कार्यालय, जॉर्जटाउन शाखा भवन एवं बैंक ऑफ बड़ौदा विरासत केंद्र का उद्घाटन किया। गुयाना सहकारी गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने इस नए परिसर का शुभारंभ किया। यह उद्घाटन गुयाना में बैंक की छह दशकों से अधिक की गौरवशाली यात्रा और दोनों देशों के बीच मजबूत होते आर्थिक एवं वित्तीय संबंधों का प्रतीक है।
बैंक ने गुयाना की स्वतंत्रता से लगभग दो महीने पहले 31 मार्च 1966 को वहां अपना परिचालन शुरू किया था। वर्ष 1999 में बैंक के स्थानीय परिचालन को पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बैंक ऑफ बड़ौदा (गुयाना) आईएनसी में परिवर्तित कर दिया गया। वर्तमान में बैंक गुयाना में दो शाखाओं के माध्यम से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देवदत्त चांद ने कहा कि नया परिसर केवल एक भवन नहीं, बल्कि बैंक की नवीकृत प्रतिबद्धता, नई शुरुआत और गुयाना के साथ छह दशकों से कायम संबंधों को और मजबूत बनाने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बैंक दोनों मित्र देशों के बीच वित्तीय सेतु की भूमिका निभाने पर गर्व महसूस करता है।
गुयाना में बैंक के व्यावसायिक प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। बैंक का कुल कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में 28.7 बिलियन गुयाना डॉलर से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 51.2 बिलियन गुयाना डॉलर से अधिक हो गया है। इस दौरान लगभग 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बैंक की जमाराशियों में 31 प्रतिशत से अधिक और अग्रिमों में 22 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। बैंक का निवल लाभ 774 मिलियन गुयाना डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि अनर्जक परिसंपत्तियां (एनपीए) घटकर 38 मिलियन गुयाना डॉलर रह गई हैं।
बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. देवदत्त चांद ने डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भारत और गुयाना के बीच यूपीआई आधारित भुगतान सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बैंक भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई), संबंधित प्राधिकरणों और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि गुयाना की प्रमुख विकास परियोजनाओं के लिए हाल ही में घोषित 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर की भारतीय ऋण सुविधा दोनों देशों की साझेदारी में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बैंक कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, आधारभूत संरचना, तेल एवं गैस आपूर्ति श्रृंखला, लघु एवं मध्यम उद्योगों सहित विभिन्न क्षेत्रों में वित्तीय सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उद्घाटन समारोह में गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा किए गए निवेश को गुयाना की अर्थव्यवस्था के प्रति विश्वास का मजबूत प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में लघु एवं मध्यम उद्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बड़े निवेश जहां विकास को गति देते हैं, वहीं छोटे व्यवसाय व्यापक आधार, अधिक अवसर और दीर्घकालिक स्थिरता प्रदान करते हैं। उन्होंने बैंक से कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, आधारभूत संरचना तथा तेल एवं गैस आपूर्ति श्रृंखला जैसे उत्पादक क्षेत्रों को सहयोग देने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देवदत्त चांद द्वारा फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया। इसके बाद पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन, नए बैंकिंग हॉल का अवलोकन तथा बैंक ऑफ बड़ौदा विरासत केंद्र का उद्घाटन किया गया। समारोह में बैंक के निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारियों सहित भारत और गुयाना के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
बैंक ऑफ बड़ौदा का नया प्रधान कार्यालय और विरासत केंद्र गुयाना में बैंक की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह परिसर आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय व्यवसायों, उद्यमियों और नागरिकों को बेहतर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा। बैंक ने भारत और गुयाना के बीच व्यापार, निवेश एवं वित्तीय सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

