रायपुर। भारत के इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में कारोबार की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के उद्योगों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल शुरू हुई है। भारतीय इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईईईएमए) ने रायपुर में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें इलेक्रामा 2027 में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ के विनिर्माताओं और कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इलेक्रामा का 17वां संस्करण 20 से 24 फरवरी 2027 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होगा। इसे विश्व के सबसे बड़े इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्री प्रदर्शनों में शामिल किया गया है। ‘आई की शक्ति का उपयोग’ थीम पर आधारित इस आयोजन में 1,100 से अधिक प्रदर्शकों और 10 देशों के मंडपों की भागीदारी प्रस्तावित है। आयोजकों के मुताबिक, यहां 25 हजार से अधिक बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) बैठकें होंगी, जिनसे लगभग 25 अरब अमेरिकी डॉलर के व्यावसायिक अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
आयोजन में 500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और पांच लाख से अधिक आगंतुकों के पहुंचने का अनुमान है। कार्यक्रम में ईसुन-एमआर टैपचेंजर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और इलेक्रामा की इंडस्ट्री खरीदार संपर्क समिति के चेयरमैन आर. प्रकाश, पॉलीकैब इंडिया लिमिटेड के सीईओ-बी2बी चैनल एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन तथा इलेक्रामा के वाइस चेयरमैन शशि अमीन, इंडस्ट्री खरीदार संपर्क समिति के वाइस चेयरमैन सेम्बियन बालासुब्रमण्यम, इंडस्ट्री खरीदार आउटरीच कमेटी के मेंटर श्रीधर गोखले ने अपने विचार रखे।


