मुंबई। सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में शामिल बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी विशेष 555 दिवसीय सावधि जमा योजना ‘बॉब गोल्डन गोल’ के तहत ब्याज दरों में 10 बेसिस पॉइंट (बीपीएस) की वृद्धि की घोषणा की है। संशोधित दरें 12 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई हैं। इस बदलाव के बाद ग्राहकों को इस योजना के अंतर्गत अधिकतम 7.50 प्रतिशत तक वार्षिक ब्याज का लाभ मिलेगा।
बैंक की यह विशेष सावधि जमा योजना 3 करोड़ रुपये से कम की खुदरा जमा राशि के लिए उपलब्ध है। योजना में सामान्य नागरिकों के साथ वरिष्ठ नागरिकों और अति वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी आकर्षक ब्याज दरें निर्धारित की गई हैं। संशोधित दरों के अनुसार, निवासी सामान्य ग्राहकों को 6.85 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों को 7.35 प्रतिशत तथा 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के अति वरिष्ठ नागरिकों को 7.45 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलेगा। वहीं अनिवासी श्रेणी के सामान्य ग्राहकों को 6.90 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों को 7.40 प्रतिशत और अति वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम 7.50 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।
बैंक के अनुसार, ब्याज दरों में यह वृद्धि ग्राहकों को बेहतर रिटर्न उपलब्ध कराने के साथ उनकी बचत को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 555 दिनों की निर्धारित अवधि वाली यह योजना उन ग्राहकों के लिए उपयोगी है, जो अपनी जमा राशि पर अपेक्षाकृत स्थिर और बेहतर रिटर्न प्राप्त करना चाहते हैं। बैंक ने स्पष्ट किया है कि अन्य अवधि की सावधि जमा योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा की कार्यपालक निदेशक श्रीमती बीना वैद्य ने कहा कि बैंक अपने जमाकर्ताओं को आकर्षक रिटर्न उपलब्ध कराने के साथ उनकी बदलती वित्तीय जरूरतों को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। ‘बॉब गोल्डन गोल’ जमा योजना के तहत ब्याज दरों में वृद्धि से मध्यम अवधि के लिए स्थिर और निश्चित रिटर्न चाहने वाले ग्राहकों को लाभ मिलेगा। साथ ही इससे बैंक के जमा आधार को भी मजबूती मिलेगी।
ग्राहक बैंक की मोबाइल बैंकिंग ऐप ‘बॉब वर्ल्ड’, नेट बैंकिंग अथवा देशभर में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की किसी भी शाखा में जाकर इस योजना के तहत सावधि जमा खाता खुलवा सकते हैं। बैंक की इस पहल से ग्राहकों को अपनी बचत पर बेहतर ब्याज प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।


