नई दिल्ली। देश में डिजिटल भुगतान का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। ऑनलाइन खरीदारी, बिजली-पानी के बिलों का भुगतान, यात्रा की बुकिंग और रोजमर्रा के लेन-देन में डिजिटल माध्यमों का उपयोग लगातार बढ़ा है। इसके साथ ही साइबर ठगी और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले भी नए-नए तरीकों से सामने आ रहे हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने और ग्राहकों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से एसबीआई कार्ड ने लोगों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित भुगतान के तरीकों को अपनाने की अपील की है।
उद्योग से जुड़ी पीडब्ल्यूसी की रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2030 तक भारत में डिजिटल भुगतान की संख्या बढ़कर 617 अरब तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, लेन-देन का कुल मूल्य 907 ट्रिलियन रुपये तक पहुंच सकता है। इस अवधि में क्रेडिट कार्ड की संख्या भी लगभग 210 मिलियन होने की संभावना है। डिजिटल लेन-देन के बढ़ते विस्तार को देखते हुए वित्तीय संस्थान अपनी तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहे हैं। हालांकि, ग्राहकों की जागरूकता और सावधानी भी वित्तीय धोखाधड़ी रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
एसबीआई कार्ड की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलिला पांडे ने कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा और उनका विश्वास कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। डिजिटल भुगतान लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में नए साइबर खतरों से निपटने के लिए तकनीकी सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करने और ग्राहकों को जागरूक बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि वे किसी भी लेन-देन से पहले पूरी जानकारी की जांच करें, अपनी निजी एवं वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित संस्थान को दें।
डिजिटल भुगतान सुरक्षित रखने के लिए 10 जरूरी सुझाव
एसबीआई कार्ड ने ग्राहकों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए निम्नलिखित सावधानियां अपनाने की सलाह दी है—
- भरोसेमंद प्लेटफॉर्म से करें खरीदारी: ऑनलाइन खरीदारी के लिए ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय मार्केटप्लेस का ही उपयोग करें। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
- विश्वसनीय स्रोतों से ही डाउनलोड करें ऐप: मोबाइल एप्लिकेशन केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से डाउनलोड करें। व्हाट्सऐप, एसएमएस, ईमेल या अनजान वेबसाइटों से मिली APK फाइल डाउनलोड न करें।
- गोपनीय जानकारी साझा न करें: कार्ड नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। बैंक या कार्ड कंपनी के नाम पर आने वाले फोन और संदेशों की सत्यता जरूर जांचें।
- अनजान लोगों के साथ स्क्रीन साझा न करें: मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर की स्क्रीन किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। स्क्रीन शेयरिंग ऐप के माध्यम से डिवाइस तक पहुंच देने के अनुरोधों से सावधान रहें।
- फर्जी कॉल और संदेशों से रहें सतर्क: खाता बंद होने, रिवॉर्ड पॉइंट समाप्त होने, ई-चालान, टैक्स नोटिस या डिलीवरी संबंधी संदिग्ध संदेशों पर भरोसा न करें। किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक कस्टमर केयर से ही करें।
- फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वालों से बचें: धोखेबाज बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर कर्मचारी या वित्तीय सलाहकार बनकर कार्ड अपग्रेड, क्रेडिट लिमिट बढ़ाने और रिवॉर्ड रिडेम्पशन के नाम पर गोपनीय जानकारी मांग सकते हैं। ऐसे कॉल से सावधान रहें और संबंधित संस्था से आधिकारिक माध्यम से संपर्क करें।
- संदिग्ध लेन-देन की तत्काल सूचना दें: किसी अनधिकृत भुगतान या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत बैंक या कार्ड जारी करने वाली कंपनी से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित कार्ड या खाते को ब्लॉक करवाएं और साइबर अपराध अधिकारियों को सूचना दें।
- ऑफर और रिवॉर्ड पॉइंट की पुष्टि करें: असामान्य छूट, आकर्षक रिफंड और बड़े ऑफर के झांसे में न आएं। रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने के लिए आए किसी भी लिंक या संदेश की सत्यता आधिकारिक माध्यम से जांचें।
- लेन-देन के अलर्ट रखें चालू: कार्ड से होने वाले प्रत्येक लेन-देन की जानकारी के लिए एसएमएस, ईमेल और मोबाइल ऐप नोटिफिकेशन सक्रिय रखें। खाते की गतिविधियों की नियमित जांच करें और संदिग्ध भुगतान की सूचना तत्काल दें।
- मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड बनाएं: ईमेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग खातों के लिए अलग-अलग मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें। पासवर्ड समय-समय पर बदलें और किसी के साथ साझा न करें।
एसबीआई कार्ड के अनुसार, डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ-साथ व्यक्तिगत सतर्कता भी जरूरी है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर ग्राहक साइबर धोखाधड़ी के जोखिम को कम कर सकते हैं और डिजिटल लेन-देन को अधिक सुरक्षित एवं भरोसेमंद बना सकते हैं


